यदि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटे हैं तो योगी आंकड़े सार्वजनिक करें : सिब्बल

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 14 नवंबर (ए) राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे पर शनिवार को सवाल उठाते हुए कहा कि वह संबंधित नामों और निर्वाचन क्षेत्रों का ब्योरा सार्वजनिक करें।

सिब्बल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने यह आंकड़ा किस आधार पर दिया है और किन निर्वाचन क्षेत्रों से किन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

उनका कहना था जिन मतदाताओं के नाम वास्तव में नहीं हटाए गए हैं, उन्हें फॉर्म-8 के जरिए दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया नहीं अपनाई जानी चाहिए। ऐसा होने पर चुनावी नतीजे प्रभावित हो सकते हैं।

सिब्बल ने उत्तर प्रदेश में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम के गठबंधन के संभावित चुनावी असर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों के कुछ वोट हासिल कर सकता है, जिससे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को नुकसान होने का खतरा है।

उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का हवाला देते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। सिब्बल ने कहा कि फॉर्म-6, 7 और 8 के दुरुपयोग से लोकतंत्र को नुकसान पहुंच रहा है।