लखनऊ: 15 नवंबर (ए) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले साल प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा जताते हुए रविवार को कहा कि तीसरी पारी में उनकी सरकार ‘‘चौकों और छक्कों’’ के साथ युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटेगी और उन्हें प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।
आदित्यनाथ ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर यहां स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की और इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) तथा उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 शिक्षण संस्थानों के 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को टैबलेट वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मैंने सपा प्रमुख को भी आश्वस्त किया है कि चिंता मत कीजिए। आज की भीड़ देखकर कह सकता हूं कि हम 1.10 लाख नियुक्ति पत्र जारी करेंगे। तीसरी पारी शुरू होने पर ‘चौकों-छक्कों’ के साथ बाकी नियुक्ति पत्र भी बांटेंगे और उत्तर प्रदेश के युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।’’
आदित्यनाथ ने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है। उन्होंने कहा कि सपा को भी सरकार चलाने के चार अवसर मिले थे, लेकिन वह युवाओं को रोजगार देने में सफल नहीं रही।
सपा पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं थी। लगभग हर भर्ती पर अदालत से रोक लग जाती थी या पूरी प्रक्रिया निरस्त कर दी जाती थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान रिश्वत देने वाले अभ्यर्थियों के पैसे भी डूब जाते थे।
आदित्यनाथ ने सपा पर भर्ती प्रक्रियाओं में फर्जी अभ्यर्थियों को शामिल करने का आरोप लगाते हुए फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ के पात्रों के उदाहरण से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फिल्म में एक व्यक्ति परीक्षा देता है और उसकी जगह दूसरा व्यक्ति परिणाम हासिल करता है। इसी तरह भर्ती परीक्षाओं में भी एक व्यक्ति परीक्षा देता था और नियुक्ति किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाती थी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने ऐसी दो भर्ती प्रक्रियाओं को निरस्त किया, जिनमें सपा के कार्यकाल में कथित तौर पर फर्जी अभ्यर्थियों को शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी देना है, न कि ऐसे लोगों को नियुक्त करना।
आदित्यनाथ ने शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, खेल कोटे में 470, विधि विज्ञान के क्षेत्र में 28, पुलिस विभाग में 4,543 और राजस्व विभाग में 1,146 नियुक्तियों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों में 42 हजार होमगार्ड को नियुक्ति पत्र देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
