झगड़े के बाद दो लोगों की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 15 नवंबर (ए) उत्तर दिल्ली के बाहरी इलाके में स्थित एक गांव में झगड़े के बाद हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सचिन (27) और सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों दिल्ली के बवाना इलाके के पूठ खुर्द गांव में एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, आधी रात के करीब बवाना थाने को गोलीबारी की सूचना मिली थी।

पुलिस ने बताया कि सचिन को सीने में गोली लगी थी और उसे मृत अवस्था में एमवी अस्पताल लाया गया था।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम पूठ खुर्द गांव में घटनास्थल पर पहुंची, जहां सचिन के परिवार के एक पशुओं के बाड़े में खून के धब्बे और कारतूस के तीन खोखे मिले।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पशु बाड़े से करीब 100 मीटर दूर पास की एक गली में सोनू उर्फ प्रदीप का शव मिला।

अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से पता चला कि सोनू ने कथित तौर पर सचिन को फोन कर घर से बाहर बुलाया था।

उन्होंने बताया कि सचिन के बाहर आने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद सोनू ने सचिन पर कथित रूप से गोली चला दी।

अधिकारी ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर सचिन का भाई नरेश घर से बाहर आया और भागने की कोशिश कर रहे सोनू का पीछा किया।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, नरेश ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच झड़प हुई और सोनू मारा गया।

पुलिस ने बताया कि सोनू की हत्या के मामले में नरेश को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, झगड़े की वजह और दोनों हत्याओं के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।