अमेरिका : हवाई अड्डे पर मालवाहक और यात्री विमान के बीच टक्कर, दो लोग घायल

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

मियामी: 15 नवंबर (ए) अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोपा एयरलाइंस का एक यात्री विमान रनवे से टर्मिनल तक जाते समय यूपीएस के मालवाहक विमान से टकरा गया जिससे दो लोग घायल हो गए। अमेरिकी मीडिया ने यह खबर दी।

अमेरिकी टेलीविजन चैनल सीएनएनएन ने संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के हवाले से खबर दी कि यह घटना शनिवार स्थानीय समयानुसार रात करीब 9:15 बजे हुई, जब कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 का डैना यूपीएस के बोइंग 767 के अगले हिस्से से टकरा गया। एफएए ने बताया कि हवाई यातायात नियंत्रकों ने यूपीएस के चालक दल को कोपा विमान को रास्ता देने का निर्देश दिया था। इसने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है।

खबरों के अनुसार, सभी 166 यात्री और चालक दल के छह सदस्य विमान से उतर गए, और कोपा विमान टर्मिनल पर वापस लौट आया।

कोपा की उड़ान पनामा सिटी से आई थी, जबकि यूपीएस का विमान कोलंबिया के बोगोटा के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहा था।

यूपीएस एयरलाइंस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं, और हम यह पता लगाने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि क्या हुआ था।’’

इसने कहा, ‘‘हमारे कर्मचारियों और आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’

इस बीच, कोपा एयरलाइंस ने बयान जारी कर यात्रियों को हुई परेशानी पर खेद जताया