गोरखपुर: 15 नवंबर (ए) गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद 47 वर्षीय एक ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की है और मृतक की पहचान फूलवरिया निवासी अजीत सिंह के रूप में हुई है। उसने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजीत सिंह का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हुआ था जिसके बाद वह एक कमरे में चला गया और कथित तौर पर अपनी कनपटी पर गोली मार ली।
पुलिस के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो अजीत सिंह को खून से लथपथ हालत में देखा। पास में ही उनकी लाइसेंसी पिस्तौल भी पड़ी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों के दल और क्षेत्रीय जांच इकाई को भी बुलाया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दंपति के बीच पिछले कई दिनों से आपसी मतभेद था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पत्नी के साथ विवाद के बाद आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
