क्वाड विभिन्न मुद्दों के विश्वसनीय समाधान के लिए काम करता है: प्रधानमंत्री मोदी

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

मनीला: 17 नवंबर (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को चार देशों के समूह ‘क्वाड’ के शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह एक ‘रचनात्मक और भरोसेमंद’ साझेदारी है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति शृंखला, नयी प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दों के विश्वसनीय समाधान देने के लिए काम करती है।

क्वाड भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का एक प्रमुख समूह है और मुख्य रूप से यह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर ध्यान केंद्रित करता है। इस समूह का शिखर सम्मेलन मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन के इतर आयोजित किया गया।

क्वाड शिखर सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अलबनीज और जापान की प्रधानमंत्री सानाए तकाइची ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये।

मोदी ने कहा, ‘‘ पिछले साल जनवरी से अब तक क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बार मुलाकात हो चुकी है। यह हमारी राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है।’’ उन्होंने कहा,‘‘भारत के लिए, क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है। समुद्री सुरक्षा से लेकर भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला तक, और नयी प्रौद्योगिकी से लेकर आपदा के समय मदद तक, हमारी यही कोशिश रही है कि क्वाड पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वसनीय समाधान उपलब्ध कराए।’’

मोदी ने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि आज की हमारी बैठक हमें हमारे सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी।’’

क्वाड शिखर सम्मेलन दो साल के अंतराल पर हो रहा है। भारत ने पिछले साल क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी की योजना बनाई थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से हिस्सेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने की वजह से यह सम्मेलन नहीं हो सका।

मोदी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मनीला और क्वाड के बीच एक पुराना और विशेष संबंध है। साल 2007 में, चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे। इसके दस साल बाद, 2017 में, इसी शहर में हमने फिर से बातचीत शुरू की थी। आज, इस ऐतिहासिक शहर में एक बार फिर क्वाड की बैठक एक अहम पड़ाव है।’’

क्वाड ने गत वर्षों में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की कुछ सबसे अहम जरूरतों और चुनौतियों से निपटने के लिए कई पहल शुरू की हैं, जिनमें समुद्री सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और संपर्क जैसे क्षेत्र शामिल हैं।ट्रंप ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि क्वाड देशों ने मिलकर एक नया ‘क्वाड एआई गतिवर्धक’ पहल शुरू की है और इसके जरिये हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वसनीय एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता)पारिस्थितिकी तक पहुंच बढ़ाने के लिए वे 8.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक राशि खर्च कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अहम प्रौद्योगिकी के भविष्य पर उन देशों का दबदबा हो, जिनके मूल्य और साझा हित हमारे जैसे हैं और यह जितना हो यह बेहतर है।’’

ट्रंप ने कहा कि क्वाड ने सदस्य देशों के बीच आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया है, और साथ ही बताया कि अगले साल समूह कई नयी पहल की घोषणा करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने आर्थिक सहयोग को बिल्कुल नयी ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पहली बार ‘क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम’ आयोजित करेंगे।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ हमने अपनी आपूर्ति शृंखला को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण और नए अहम खनिजों के समझौते भी किये हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारा कोई भी देश किसी एक विदेशी आपूर्तिकर्ता के दबाव में न आए।’’

ट्रंप ने मोदी को अपना मित्र और एक महान नेता भी बताते हुए कहा कि उनका बहुत सम्मान किया जाता है।

क्वाड का पिछला शिखर सम्मेलन 2024 में अमेरिका के विलमिंगटन में आयोजित किया गया था। वर्ष 2024 के सम्मेलन में समूह के शीर्ष नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग का विस्तार करने के लिए बड़े कदमों की घोषणा की थी।

पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक परिणाम, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति और महत्वपूर्ण खनिजों तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के उपाय – इन विषयों के शिखर सम्मेलन के एजेंडे में शीर्ष पर रहने की उम्मीद थी।

क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों ने मई में आपूर्ति शृंखला में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए ऊर्जा सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े मसौदे की घोषणा की, और साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री निगरानी तथा बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कई कदमों की जानकारी दी।

क्वाड ने पूर्वी और दक्षिण चीन सागर की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए खतरा बनने वाली गतिविधियों की निंदा की।