भारत कोई इस्लामी राष्ट्र नहीं, जहां कथावाचन कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाया जाए: रघुराज प्रताप सिंह

उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़
Spread the love

प्रतापगढ़ (उप्र), 17 नवंबर (ए) जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथावाचन कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि भारत कोई इस्लामी राष्ट्र नहीं है, जहां कथावाचन पर प्रतिबंध लगाया जाए।

भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर हाल में की गई कथित विवादित टिप्पणियों के कारण धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध हो रहा है। खासतौर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके दल के सांसदों ने शास्त्री के कथावाचन कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

विधायक बेंती गांव में 17 से 20 नवंबर तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथावाचन कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं।

सिंह ने सोमवार शाम को यहां पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 में प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार दिया गया है। संविधान के इन अनुच्छेदों में क्या व्यवस्था है, यह उन लोगों को पढ़ लेना चाहिए जिन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

उन्‍होंने कहा, ‘‘भारत कोई इस्लामी राष्ट्र नहीं है, जहां कथावाचन पर प्रतिबंध लगाया जाए।’’

उन्होंने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेंगे और न ही किसी व्यक्ति पर टिप्पणी करेंगे, लेकिन जो लोग कथा सुनेंगे, उनका निश्चित रूप से कल्याण होगा।

पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि पाकिस्तान में पहले हिंदुओं की आबादी करीब 23 प्रतिशत थी, लेकिन आज घटकर लगभग एक प्रतिशत रह गई है। पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों की इच्छा है कि उन्हें नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत भारत की नागरिकता दी जाए।

इधर, इस बीच, मंगलवार से शुरू हो रही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बेंती में कथा स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बताया था कि कुंडा तहसील के बेंती गांव में धीरेन्‍द्र कृष्‍ण शास्‍त्री के कार्यक्रम के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रतापगढ़ से सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने शास्त्री को विवादित कथावाचक बताते हुए विधायक रघुराज प्रताप सिंह को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कथावाचन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित नहीं करने की सलाह दी थी।