लखनऊ: 17 नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर बनाने की मांग और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए इसे अहम चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा।
मौर्य के नारे, “अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है” पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने उन्हें “फर्जी आदमी” बताया।उन्होंने आरोप लगाया कि मौर्य को धार्मिक रीति-रिवाजों और भक्ति गीतों की जानकारी नहीं है।
यादव ने कहा, “उन्हें (मौर्य को) न तो कोई भजन आता है और न ही वे कोई धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। वह एक फर्जी आदमी हैं।”
यादव ने मौर्य से जुड़े एक कथित मामले का भी जिक्र किया, जिसमें देवी जागरण के नाम पर फर्जी रसीदों के जरिए चंदा इकट्ठा करने का आरोप था।
उन्होंने दावा किया कि यह मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा था।
उन्होंने कहा, “मैंने सुना है कि देवी जागरण के नाम पर फर्जी रसीदें बनाकर चंदा इकट्ठा करने का एक मामला था और यह मामला उच्च न्यायालय तक पहुंच गया था। बाकी सब लोग जानते हैं।”
इससे पहले सोमवार को मौर्य ने अखिलेश यादव को मथुरा आने और श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थल पर मंदिर निर्माण के लिए प्रस्तावित ‘कार सेवा’ में शामिल होने की चुनौती दी थी।
उन्होंने कहा था कि वह भी उनके साथ शामिल होंगे।
मंगलवार को यहां भाजपा की एक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मौर्य ने सपा प्रमुख से मंदिर निर्माण का समर्थन करने की अपील की।
इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए थे।
मौर्य ने कहा कि इससे उनकी पार्टी को चुनावों में और नुकसान से बचने में मदद मिल सकती है।
मौर्य ने कहा, “हम आज भी यही कह रहे हैं और कल भी यही कहेंगे। ‘अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है।’ मैं अखिलेश यादव से कहना चाहूंगा कि अगर वह वास्तव में भगवान कृष्ण के भक्त हैं, तो उन्हें भगवान कृष्ण की जन्मभूमि पर एक भव्य मंदिर के निर्माण के लिए काम करने की तैयारी करनी चाहिए।”
