रत्नागिरि में 60 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में बंदरगाह अधिकारी, सहयोगी गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

ठाणे: 18 नवंबर (ए) महाराष्ट्र के रत्नागिरि में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने विदेशी जहाज को बंदरगाह से रवाना होने का मंजूरी प्रमाणपत्र जारी करने के लिए 60 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में महाराष्ट्र समुद्री बोर्ड के एक अधिकारी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक शिपिंग एजेंसी के 37 वर्षीय मालिक को रत्नागिरि जिले के जयगढ़ बंदरगाह पर एक क्षतिग्रस्त विदेशी जहाज की मरम्मत के बाद उसका समुद्री परीक्षण कराने और बंदरगाह से रवाना होने का मंजूरी प्रमाणपत्र हासिल करने की जरूरत थी। क्षेत्रीय बंदरगाह अधिकारी संदीप भुजबल (47) ने पूरे समुद्री परीक्षण के बजाय अग्निशमन परीक्षण की अनुमति दी और अंतिम मंजूरी प्रमाणपत्र जारी करने के लिए कथित तौर पर 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

एसीबी के एक अधिकारी के मुताबिक, उसने शिपिंग एजेंसी के मालिक को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 60 हजार रुपये अपने सहयोगी मिलिंद बानप (53) को देने के लिए कहा।

शिपिंग एजेंसी के मालिक ने 13 नवंबर को एसीबी में शिकायत दर्ज करायी।

इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने सोमवार को रत्नागिरि के एक होटल में जाल बिछाया, जहां बानप को बंदरगाह अधिकारी की ओर से 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया। भुजबल को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसीबी निरीक्षक मच्छिंद्र जाधव ने बताया कि दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 नवंबर तक एसीबी की हिरासत में भेज दिया गया।