कोहरे के बीच दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में पांच युवकों की मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश बलरामपुर
Spread the love

बलरामपुर (उप्र): 19 नवंबर (ए) बलरामपुर जिले में घने कोहरे के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में पांच युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसा बुधवार देर रात बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर अक्षय बड़हरा गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में घने कोहरे के बीच दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर होने और कुछ पैदल राहगीरों के भी उसकी चपेट में आने की आशंका जताई गई है। हादसा इतना जबरदस्त था कि पांच लोगों की जान चली गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया।हादसे में जान गंवाने वालों में उतरौला थाना क्षेत्र के बरदही निवासी गुफरान (18), बड़हरा खुर्द निवासी सलीम (20) और मोहम्मद फारूक (20), श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के चंद्रापुर चिताई निवासी रहमत (30) तथा सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के छपरतलवा निवासी तौफीक (19) शामिल हैं। वहीं बड़हरा खुर्द निवासी मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।