ट्रंप-चिनफिंग-पुतिन की बैठक में परमाणु हथियारों, ईरान-यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर चर्चा की उम्मीद

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

शेनझेन (चीन): 19 नवंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बृहस्पतिवार को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अहम त्रिपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और यूक्रेन तथा ईरान में जारी संघर्षों जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस मुलाकात से किसी बड़े समझौते की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी।ट्रंप ने ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए साक्षात्कार में बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘वे दोनों ट्रंप को पसंद करते हैं। लेकिन मेरे बाद क्या होगा, यह मैं नहीं बता सकता।’’त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप चीनी राष्ट्रपति के साथ अलग से भी मुलाकात करेंगे। इस साल दोनों नेताओं की यह तीसरी अहम बैठक होगी। इसके अलावा ट्रंप का पुतिन के साथ भी अलग से बातचीत का कार्यक्रम है। पिछले साल अलास्का में हुई मुलाकात के बाद यह पहली बार होगा, जब दोनों नेता आमने-सामने बातचीत करेंगे। उस बैठक में यूक्रेन युद्ध खत्म करने की दिशा में कोई समझौता नहीं हो पाया था।ट्रंप ने परमाणु हथियारों के भंडार को कम करने का मुद्दा भी बातचीत के एजेंडे में रखा है। अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों की सीमा तय करने वाली आखिरी संधि ‘न्यू स्टार्ट’ फरवरी में समाप्त हो गई। ट्रंप अब चीन को भी शामिल करते हुए एक नया और आधुनिक समझौता करना चाहते हैं।हालांकि, चीन के पास 600 से अधिक परमाणु हथियार हैं, जबकि अमेरिका और रूस के पास प्रत्येक के भंडार में 5,000 से अधिक हथियार होने का अनुमान है। ऐसे में चीन के लिए अपने हथियार सीमित करने पर सहमत होना आसान नहीं होगा।विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक परमाणु हथियारों में कटौती को लेकर भविष्य में लंबी बातचीत की शुरुआत भर हो सकती है।

इस बीच, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों को आशंका है कि इस बैठक में उनके हितों की अनदेखी हो सकती है। खासकर इसलिए कि यूक्रेन को बातचीत में शामिल नहीं किया गया है।चीन और रूस के बीच मजबूत संबंध भी इस बैठक को अहम बनाते हैं। चीन ने 2022 में यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद आर्थिक रूप से रूस का साथ दिया है। वहीं, अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव, दुर्लभ खनिजों की आपूर्ति और कृत्रिम मेधा (एआई) तकनीक को लेकर प्रतिस्पर्धा भी जारी है।इस बैठक का नतीजा इसलिए भी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि ट्रंप व्यापार को विदेश नीति के एक अहम हथियार के रूप में इस्तेमाल करते रहे हैं। अमेरिका ने यूक्रेन युद्ध खत्म करने के बदले रूस के साथ व्यापारिक प्रतिबंधों में ढील देने की संभावना भी जताई है।दूसरी ओर, चीन और रूस ने अमेरिकी युद्ध के दौरान भी ईरान को व्यापारिक मदद दी है। इस संघर्ष के कारण ऊर्जा की कीमतें बढ़ी हैं और वैश्विक आर्थिक विकास प्रभावित हुआ है।