लिंगायत नेता ने लेखक रवि हंज की ‘‘हत्या करने पर पांच लाख रुपये का इनाम’’ देने की घोषणा की

राष्ट्रीय
Spread the love

बेलगावी (कर्नाटक): 22 नवंबर (ए) लिंगायत समुदाय के एक नेता ने घोषणा की है कि जो व्यक्ति 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवेश्वर के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले लेखक रवि हंज की हत्या करेगा, उसे वह पांच लाख रुपये का इनाम देंगे।

इस घोषणा के तुरंत बाद मोटागी मठ के प्रमुख प्रभु चन्नबसव स्वामी ने हस्तक्षेप किया और किसी का भी सिर कलम करने के आह्वान की निंदा की।

उन्होंने लोगों से लिंगायत नेता प्रकाश महाजन की घोषणा को गंभीरता से नहीं लेने की अपील की।

महाजन ने बेलगावी जिले के अथणी में मठ प्रमुख की ओर से शनिवार को बुलाई गई विरोध सभा को संबोधित करते हुए हंज की हत्या का खुलेआम आह्वान किया और नकद इनाम देने की घोषणा की। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक करते हुए कहा कि जो व्यक्ति हंज की हत्या करेगा, वह इनाम की रकम लेने के लिए उनसे संपर्क करे।

महाजन ने कहा, ‘‘उनकी हत्या कर दी जानी चाहिए। मैं घोषणा करता हूं कि जो भी उनकी हत्या करेगा, उसे मैं पांच लाख रुपये दूंगा। जो लोग ऐसा करना चाहते हैं, वे मेरा मोबाइल नंबर लिख लें। हत्या करने के बाद इस नंबर पर फोन करें और मेरे पास आएं। आपको पांच लाख रुपये मिलेंगे।’’

उन्होंने अपने भाषण के अंत में भी यह धमकी दोहराई।

महाजन ने विद्वान एम एम कलबुर्गी और पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन हत्याओं को अंजाम देने वालों को तो गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन पर्दे के पीछे से उनका समर्थन करने वालों को अब तक नहीं पकड़ा गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन हत्याओं के पीछे जिन लोगों का हाथ था, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने के लिए तत्कालीन सरकार ‘‘जिम्मेदार’’ है।

यह प्रदर्शन हंज की पुस्तक ‘बसव मंटप’ और बसव दर्शन के बारे में उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ आयोजित किया गया था। महाजन ने पत्रकार विश्वेश्वर भट्ट की भी आलोचना की और उन पर हंज का समर्थन करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘बसव के अनुयायियों का अपमान और उनकी आलोचना करने वाले लोगों को इस धरती पर दोबारा जन्म नहीं लेना चाहिए। कोई भी फिर कभी ऐसा न करे।’’

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी बसव धर्म को कमजोर नहीं होने देंगे।

यह विवाद हंज के हालिया साक्षात्कार के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने 12वीं सदी के समाज सुधारक और लिंगायत आंदोलन के संस्थापक बसवेश्वर के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक और तिरस्कारपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल किया था।

कर्नाटक सरकार ने पुस्तक को जब्त करने और उसके लेखक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। हंज को इस विवाद के सिलसिले में केरलम के कोच्चि से गिरफ्तार किया गया था।