नदी में स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटने से तीन लोगों की मौत, 30 से अधिक लोग घायल

मध्य प्रदेश सागर
Spread the love

सागर, 22 नवंबर (ए) मध्यप्रदेश के सागर जिले में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से 17 वर्षीय लड़की और 65 वर्षीय महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, हादसा जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर गौरझामर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित नीम घाटी में हुआ।

उन्होंने बताया कि घायलों में दो से तीन लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरझामर थाना प्रभारी नसीर फारूकी ने घटनास्थल से फोन पर ‘ बताया, “नर्मदा नदी में स्नान करने के बाद नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए।”

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं तथा घायलों को उपचार के लिए देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान ट्रैक्टर चालक राकेश यादव (49), रक्षा प्रजापति (17) और प्रेमरानी यादव (65) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक की लापरवाही प्रतीत हो रही है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना संभावित क्षेत्र में ढलान पार करते समय ट्रैक्टर की गति तेज होने के कारण यह हादसा हुआ। फारूकी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच जारी है।