लंदन: 12 नवंबर (एपी) ब्रिटेन की एक अदालत ने लंदन में फारसी भाषा के एक प्रसारक के लिए काम करने वाले पत्रकारों की जासूसी करने के मामले में दो ईरानी नागरिकों को बृहस्पतिवार को दोषी ठहराया गया।
अदालत ने पाया कि दोनों ईरान की सरकार के लिए यह काम कर रहे थे। दक्षिण लंदन की वूलविच क्राउन अदालत में न्यायाधीश ने 41 वर्षीय मुस्तफा सेपहवंद और 46 वर्षीय फरहाद जवादी मानेष को ईरानी सरकार की ओर से काम करने तथा एक विदेशी खुफिया एजेंसी की मदद करने का दोषी पाया।
वहीं, तीसरे आरोपी 57 वर्षीय शापूर कालेहाली खानी नूरी को उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से बरी कर दिया गया।
क्राउन अभियोजन सेवा के विशेष अपराध एवं आतंकवाद-रोधी प्रभाग के मुख्य अभियोजक फ्रैंक फर्ग्यूसन ने कहा, “यह ईरानी शासन की आलोचना करने वालों की जासूसी करने के लिए चलाया गया एक सुनियोजित अभियान था।”उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को ईरान तक खुफिया जानकारी पहुंचाने के बदले इनाम देने का वादा किया गया था। वहीं, सेपहवंद अपने लक्ष्यों की निगरानी करने से आगे बढ़कर उनके खिलाफ गंभीर हिंसा करने के लिए भी तैयार था।
जिन लोगों को निशाना बनाया गया, उनमें ‘ईरान इंटरनेशनल’ के पत्रकार मुजतबा पोरमोहसेन और काम्बिज हुसैनी के अलावा ‘यूके लॉयर्स फॉर इजराइल’ के संस्थापक सदस्यों में शामिल जोनाथन टर्नर भी थे। ईरान की सरकार ने ‘ईरान इंटरनेशनल’ पर प्रतिबंध लगा रखा है।आरोपियों पर अपने लक्षित लोगों से जुड़े पतों पर जाने, उनकी तस्वीरें और वीडियो लेने तथा उनके बारे में ऑनलाइन जानकारी जुटाने के लिए चैटजीपीटी जैसे मंचों का इस्तेमाल करने का आरोप है।
फर्ग्यूसन ने कहा, “यह राहत की बात है कि किसी हमले को अंजाम दिए जाने से पहले ही आरोपियों को धर दबोचा गया।”
