सड़क निरीक्षण के दौरान व्यक्ति को थप्पड़ मारने का आरोप, ‘आप’ ने मंत्री प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी मांगी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 27 सितंबर (ए) दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा रविवार को उस समय विवादों में घिर गए जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें वह कथित तौर पर तिलक नगर में सड़क निरीक्षण की रिकॉर्डिंग कर रहे एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।

मौके पर मौजूद तिलक नगर से आम आदमी पार्टी (आप) विधायक जरनैल सिंह ने नयी बनी सड़क की सतह का कुछ हिस्सा हाथ से ही उखाड़ दिया और उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इस दौरान पास खड़ा एक युवक घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था, तभी वर्मा ने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह के साथ काम करने वाले साहिब सिंह ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। साहिब सिंह ने दावा किया कि निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें थप्पड़ मारा। उन्होंने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आम आदमी पार्टी ने इस घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है।आम आदमी पार्टी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा की सड़क से जुड़े भ्रष्टाचार को उजागर किए जाने के बाद उन्होंने युवाओं के साथ सरेआम गुंडागर्दी की।इस मामले में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मंत्री प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार किया जाए। मैं सोमवार को यहां जाऊंगा।

तिलक नगर के आप विधायक जरनैल सिंह ने एक दिन पहले उस सड़क का वीडियो भी शेयर किया था, जिसका निरीक्षण करने के लिए प्रवेश वर्मा तिलक नगर पहुंचे थे। जरनैल सिंह ने लोगों से सड़क निर्माण से जुड़े दस्तावेज और काम की गुणवत्ता की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा, “वर्क ऑर्डर मांगिए, क्वालिटी चेक कीजिए।”

उन्होंने आगे कहा कि जनता के पैसे से होने वाले हर विकास कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता जरूरी है। अपने आसपास हो रहे काम का वर्क ऑर्डर मांगना चाहिए और उसके मुताबिक काम की जांच करनी चाहिए। कमी मिलने पर क्वालिटी कंट्रोल जांच की मांग भी उठानी चाहिए। जरनैल सिंह ने कहा कि जनता जागरूक होगी, सवाल पूछेगी और जवाबदेही तय होगी, तभी सिस्टम में सुधार होगा।