नयी दिल्ली: 16 नवंबर (ए) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में मंत्री कपिल मिश्रा के कैम्प कार्यालय के पास सोमवार को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे सोनिया विहार के जीरो पुश्ता स्थित कूड़ा खट्टा के पास हुई। दो हमलावर मोटरसाइकिल से आए और स्कूटी पर पीछे बैठे व्यक्ति समीर (26) पर गोलीबारी कर फरार हो गए, जो दयालपुर के 33 फुटा रोड का रहने वाला था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि समीर को कई गोलियां लगीं और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासी बृजेश शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि इस घटना में करीब 20 गोलियां चलाई गईं।
उन्होंने कहा, ‘यह मुख्य सड़क है जहां दिल्ली के एक मंत्री का कार्यालय है। यहां एक घटना हुई जिसमें करीब 20 गोलियां चलाई गईं और एक व्यक्ति को गोली लगी। उसे यहां से अस्पताल ले जाया गया और मुझे नहीं पता कि उसकी हालत कैसी है। लेकिन यह कानून-व्यवस्था में एक गंभीर चूक है। इस इलाके में यह इस तरह की चौथी घटना है। हमें नहीं पता कि इसके पीछे क्या मकसद था या हमलावर कौन थे।’
घटना के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सबूत जुटाने के लिए अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस हत्या के मकसद का पता लगाने के लिए व्यक्तिगत दुश्मनी और पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। आगे की जांच जारी है।
