गैंगरेप के बाद महिला को नग्न कर बिजली पोल से लटकाया, दुष्कर्मियों ने की हैवानियत

बिहार समस्तीपुर
Spread the love


समस्तीपुर, 25 मई (ए)। बिहार के समस्तीपुर जिले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला के साथ गैंगरेप जैसी हैवानियत कर नग्न हालत मे मंगलवार को सुबह एक बिजली के पोल से लटका दिये जाने का मामला सामने आया है। घर से शौच के लिए निकली एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद दुष्कर्मियों ने मरणासन्न अवस्था में बिजली के पोल पर फंदे से लटका दिया। सुबह सात बजे के बाद लोगों की फंदे पर नग्न अवस्था में लटकी महिला पर नजर पड़ी। उसके बाद लोग उसे इलाज के लिए पहले दलसिंहसराय ले गये जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शक के आधार पर आधा दर्जन लोगों को बंधक बना लिया जिसे बाद में सभी को पुलिस के हवाले कर दिया। 
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पीड़िता के घर में शादी समारोह था। घर के सभी लोग उसी में व्यस्त थे। उस शादी में टेंट-बाजा में काम करने वाले मजदूर भी रात भर काम कर रहे थे। बताया जाता है कि मंगलवार अल सुबह घर की एक बहू शौच के निकली तो टेंट-बाजा में काम करने वाले मजदूर महिला का पीछा करने लगे। महिला जैसे ही चौर में शौच करने पहुंची सभी ने उसे दबोच लिया। उसके बाद उसके जेवरात व कपड़े उतारवा दिया। इस दौरान आनाकानी करने पर महिला की पिटाई भी की। कपड़े और जेवरात उतरवाने के बाद सभी ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इससे महिला बेहोश हो गयी। तब उसे मरा समझ सभी ने उसे चौर में ही बिजली के पोल में नंगी अवस्था में फंदे पर लटका कर छोड़ दिया। मंगलवार सुबह पोल में बंधी महिला को देखने के बाद ग्रामीणों ने शक के आधार पर टेंट में काम करने वाले सात लोगों को एक-एक कर बंधक बना एक रूम में बंद कर दिया। काफी देर तक लोग अपने स्तर से ही घटना की तहकीकात करते रहे। जिससे काफी विलंब से पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची। जहां उसे महिला के बिखरे कपड़े मिले।
पुलिस ने उस पोल का भी जायजा लिया जिसमें उसे लटकाया गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने बंधक बनाये लोगों को पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष चन्द्रकांत गौरी ने बताया कि ग्रामीणों ने सात लोगों को सौंपा है। सभी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब तक  महिला होश में आकर बयान नहीं देगी इस संबंध में तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता। रोसड़ा के डीएसपी एस. अख्तर ने कहा कि घटना की सूचना मिली है। इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया गया गया है। महिला का बयान आते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।