सेना के मेजर की कार में आग लगायी; पांच आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, नौ जनवरी (ए) राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर के विशाल खंड में होटल में तेज संगीत बजाने से मना करने पर सेना के मेजर के घर के सामने खड़ी कार में कथित तौर पर कुछ लोगों ने आग लगा दी।.

अपर पुलिस उपायुक्त अली अब्बास के मुताबिक, पुलिस ने इस घटना में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब्‍बास ने बताया कि मामले में अभी तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान शिवम प्रताप सिंह (25), शुभम सिंह (28), ऋषभ सिंह उर्फ कृष्‍णा (29), सौरभ श्रीवास्तव (26) और ऋषभ सिंह (20) के रूप में हुई है। अन्य की तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक सूडान में तैनात मेजर अभिजीत सिंह ने बताया कि बुजुर्ग माता-पिता की तबीयत ठीक नहीं है, जिनकी देखरेख के लिए पांच जनवरी को वह घर आए थे। पीड़ित के मुताबिक रविवार को उनके दो साल के बेटे की तबीयत भी खराब हो गई। डाक्टर को दिखाने के लिए उन्होंने कार घर के बाहर ही खड़ी कर दी थी। रात करीब 10 बजे घर के पास स्थित होटल मिलानो एंड कैफे में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। होटल से लोगों के चिल्लाने की आवाज भी आ रही थी। मेजर ने कैफे संचालक से डीजे बंद कराने का आग्रह किया, लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी। जब बार-बार बोलने के बाद भी कैफे में डीजे बंद नहीं हुआ तो मेजर ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस के आने पर कैफे संचालकों ने डीजे की आवाज कम कर दी।

मेजर का आरोप है कि पुलिस के वापस लौटते ही आरोपितों ने फिर से तेज आवाज में डीजे बजाना शुरू कर दिया। मेजर ने देर रात 12:22 बजे दोबारा पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के सामने ही कैफे संचालक व उसके साथी उनसे अभद्रता व धक्का-मुक्की करने लगे। मेजर का आरोप है कि इस दौरान पुलिस मात्र वीडियो बनाती रही। वहीं, आरोपित अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। पुलिस के कहने पर डीजे बंद हो गया। मेजर सोने चले गए।इस बीच देर रात करीब तीन बजे शीशा टूटने की आवाज आई। परिवारजन के साथ मेजर कमरे से बाहर निकले तो देखा कि घर के बाहर खड़ी कार से आग की लपटें उठ रही हैं। मेजर ने फिर से पुलिस और फिर फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। दमकल कर्मी वहां पहुंचे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।