सहायक उपनिरीक्षक की गोली मारकर हत्या

राष्ट्रीय
Spread the love

तरनतारन: 11 अक्टूबर (ए) पंजाब के तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं में रविवार शाम मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) की गोली मारकर हत्या कर दी।

फिरोजपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि फिरोजपुर जिले के मखू में तैनात एएसआई इकबाल सिंह घर लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेहद करीब से कई गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां इकबाल सिंह को लगीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। हमलावरों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम तैनात की गई हैं।

डीआईजी ने कहा, “हमें कुछ सुराग मिले हैं और हम उन पर काम कर रहे हैं। हम जल्द ही हमलावरों को पकड़ लेंगे।”

इससे पहले, चार अक्टूबर को अमृतसर में मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने एक सहायक उपनिरीक्षक पर गोली चलाई थी।

अमृतसर में सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) में एएसआई के पद पर तैनात सुखचैन सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी थी।

पिछले महीने 18 और 19 सितंबर की दरमियानी रात अमृतसर की भगतांवाला अनाज मंडी में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।