भाजपा ने युवा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 20 अक्टूबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने युवा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति करते हुए सात युवा नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा तीन अन्य को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी।

भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष एवं वडोदरा से सांसद हेमांग जोशी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की।

जोशी ने एक बयान में कहा, “भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार, निम्नलिखित सदस्यों को भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय पदाधिकारी नियुक्त किया जा रहा है और उन्हें अन्य जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं।”

उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए सात नेताओं में जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा शामिल हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश से निखिल मणि तिवारी, नगालैंड से अरविंद दमानी, तेलंगाना से मालोथ कोमाली नाइक, बिहार से राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ से भूपेंद्र नाग को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किये गये नेताओं में ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बडजेना, उत्तर प्रदेश से हर्षवर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश से मित्त वामशी कृष्णा शामिल हैं।

असम से बिस्वजीत खांउड, मध्य प्रदेश से आशीष झाला, महाराष्ट्र की सयाली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान से हिमांशु शर्मा, पंजाब से सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड से अमन यादव और बिहार से राहुल झा राष्ट्रीय सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बिहार से हिमांशु यादव को भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि दिल्ली की शिवानी सिंह और विशु बसोया तथा हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर को राष्ट्रीय सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा के अनुसार दिल्ली की अपूर्वा सिंह युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी और बिहार के मानवेंद्र चौहान सह-प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।