सात साल तक यौन शोषण करने के बाद दूसरी लड़की से कर रहा था शादी,घोड़ी चढ़ने से पहले पुलिस ने बीएसएफ जवान को किया गिरफ्तार

पटना बिहार
Spread the love


पटना-भोजपुर,02 मई (ए)। बिहार के आरा में शादी का झांसा देकर एक गायिका का यौन शोषण करने के बाद दूसरी लड़की से शादी रचाने का ख्वाब देखना एक बीएसएफ जवान को महंगा पड़ गया। गायिका की शिकायत पर पुलिस ने जवान को शादी से ठीक एक दिन पहले गिरफ्तार कर लिया। लव, सेक्स, धोखा और अब जेल जाने की यह घटना आरा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। 
गिरफ्तार जवान नीरज कुमार बताया जा रहा है। फिलहाल वह ग्वालियर में पोस्टेड था और शादी करने अपने गांव आया था। इस मामले में गायिका की ओर से नारायणपुर थाने में जवान के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है। उसके अनुसार गायिका के माता-पिता की मौत हो गयी है। उसके बाद गांव का ही नीरज कुमार मदद करने के नाम पर उससे मिलने लगा। 

इस बीच दोनों के बीच लव अफेयर शुरू हो गया। इसके बाद नीरज की ओर से गायिका को शादी करने का आश्वासन देकर यौन शोषण किया जाने लगा। 2014 में वह नीरज के साथ आरा के अनाइठ में किराये के मकान में रहने लगी। तभी 2015 में नीरज की बीएसएफ में नौकरी लग गयी। 
इसके बाद भी वह उसके बाद आता रहा और पति-पत्नी की तरह रहने लगे। गायिका लगातार नीरज पर शादी का दबाव देती रही, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। इस बीच उसकी शादी तय हो गयी। रविवार को उसकी बारात जाने वाली थी। तभी गायिका को इसकी भनक लग गयी और वह पुलिस के पास पहुंच गयी। उस आधार पर थानाध्यक्ष निकुंज भूषण ने शादी से ठीक एक दिन पहले शनिवार को नीरज को गिरफ्तार कर लिया।