दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कॉजपा नेताओं ने पीछा किए जाने का आरोप लगाया

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: 11 अक्टूबर (ए) झारखंड में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं ने रविवार को आरोप लगाया कि एसआईआर विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए दिल्ली जाते समय सादे कपड़ों में कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि ट्रेन के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद उन्हें हिरासत में लिए जाने की चेतावनी भी दी गई।

कॉजपा की झारखंड समन्वयक खुशबू चौधरी ने ‘ बताया कि वह आठ अक्टूबर की रात रांची से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार हुई थीं, लेकिन पीछा किए जाने का संदेह होने पर उन्होंने यात्रा बीच में ही छोड़ दी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ट्रेन में सवार होने के तुरंत बाद मैंने करीब आठ लोगों को अपने पीछे आते और मेरा वीडियो बनाते देखा। बाद में टिकट की जांच के दौरान टीटीई ने मुझे चेतावनी दी कि सादे कपड़ों में कुछ लोग मेरा पीछा कर रहे हैं और ट्रेन के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने पर मुझे हिरासत में लिया जा सकता है।’’

चौधरी ने बताया कि वह आधी रात के आसपास ट्रेन में सवार हुई थीं और सुबह करीब साढ़े तीन बजे बोकारो स्टेशन पहुंचीं। वहां उन्होंने ट्रेन से उतरने और दूसरी ट्रेन से रांची लौटने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि इस अनुभव से दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का उनका संकल्प और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन झारखंड में भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू करेगा।

कॉजपा की झारखंड समिति के प्रमुख सदस्य मोइन खान ने आरोप लगाया कि पार्टी के कई सदस्यों को सादे कपड़ों में कुछ लोगों द्वारा पीछा किए जाने का पता चलने के बाद अपनी यात्रा बीच में ही समाप्त करनी पड़ी।

खान ने आरोप लगाया, ‘‘हम देख सकते थे कि वे लगातार हम पर नजर रख रहे थे। टीटीई ने हमें बताया कि उन लोगों ने हमारी सीटों से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली थी और बार-बार हमारे बारे में पूछ रहे थे।’’

उन्होंने बताया कि पार्टी के कई सदस्यों ने आगे की यात्रा नहीं करने का फैसला किया और कोडरमा रेलवे स्टेशन पर उतरकर रांची लौट आए।

खान ने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों से कॉजपा के कम से कम 15 सदस्य दिल्ली पहुंचने में सफल रहे और उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर हुए विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि संगठन आने वाले दिनों में झारखंड में भी प्रदर्शन आयोजित करेगा।

रांची रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें इन आरोपों की जानकारी नहीं है।