कांग्रेस ने लोकसभा उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली,30 अप्रैल (ए)। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया।

पार्टी ने अभिनेता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष राज बब्बर को हरियाणा के गुड़गांव संसदीय क्षेत्र से टिकट दिया है।

कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सतपाल रायजादा को टिकट दिया गया है जो सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को चुनौती देंगे।

पार्टी ने मुंबई उत्तर लोकसभा क्षेत्र भूषण पटेल को उम्मीदवार बनाया है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रहे आनंद शर्मा लंबे समय तक राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। उनका उच्च सदन का कार्यकाल अप्रैल, 2022 में पूरा हुआ था, हालांकि इसके बाद पार्टी ने राज्यसभा नहीं भेजा।

दिल्ली से सटे गुड़गांव संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने राज बब्बर को उम्मीदवार बनाया है। अब तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे राज बब्बर पहली बार हरियाणा में अपना राजनीतिक भाग्य आजमाने जा रहे हैं। उन्हें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता है।हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीट के लिए एक जून और हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट के लिए 25 मई को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।