नयी दिल्ली: सात नवंबर (ए) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीय राजधानी को विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां आधुनिक सुविधाएं, मजबूत बुनियादी ढांचा और नागरिकों के लिए बेहतर जीवन स्तर हो।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली उनका परिवार है और इस परिवार के हर सदस्य को बेहतर जीवन, सुरक्षित भविष्य और सम्मान देना उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
गुप्ता ने कहा, ‘‘हम विकसित दिल्ली बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचे। हम दिल्ली को देश की ऐसी प्रमुख राजधानी बनाना चाहते हैं, जहां आधुनिक सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण, बेहतर बुनियादी ढांचा और रोजगार व आर्थिक अवसर उपलब्ध हों।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए मेट्रो के विस्तार की योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
गुप्ता ने कहा कि मेट्रो के पांचवें चरण (ए) के तहत 16.076 किलोमीटर लंबे तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी मिलना इस दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार का लक्ष्य केवल दिल्ली को देश की राजधानी बनाए रखना नहीं है, बल्कि इसे एक विकसित राजधानी के रूप में तैयार करना है, जहां आधुनिक सुविधाएं, मजबूत बुनियादी ढांचा और नागरिकों का बेहतर जीवन स्तर हो।’’
