दृश्यम’ की अभिनेत्री अंसीबा हसन ने टिनी टॉम पर ‘चरित्र हनन’ का आरोप लगाया

मनोरंजन
Spread the love

कोच्चि: 23 मई (ए) मलयालम अभिनेत्री अंसीबा हसन ने शनिवार को साथी अभिनेता टिनी टॉम व कलाकारों के संगठन एएमएमए के कुछ सदस्यों पर “चरित्र हनन और सांप्रदायिक दुर्व्यवहार” का आरोप लगाया।

अभिनेत्री ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें संगठन से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया।

‘दृश्यम’ की अभिनेत्री ने दावा किया कि संगठन के एक अन्य सदस्य ने उन्हें बताया था कि टॉम ने उन्हें “जिहादी” करार दिया था, उन पर मतांतरण का प्रयास करने का आरोप लगाया था और उनके निजी जीवन के बारे में अफवाहें फैलाई थीं।

अभिनेत्री ने यह सवाल भी उठाया कि क्या उन्हें उनकी मुस्लिम पहचान के कारण निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने विभिन्न टेलीविजन चैनलों से बात करते हुए ये आरोप लगाए।

हसन ने कहा कि उन्होंने 21 फरवरी को ‘एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स’ (एएमएमए) को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसमें उन्होंने व्यक्तिगत कारणों और काम के दबाव का हवाला दिया था, लेकिन उन्होंने निजी तौर पर संगठन के सचिव को अपने फैसले के पीछे के वास्तविक मुद्दों के बारे में सूचित किया था।

उन्होंने दावा किया कि एएमएमए की कार्यकारी समिति की एक महिला सदस्य ने उनके खिलाफ झूठी पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान न तो संगठन के अध्यक्ष और न ही अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों ने उनका साथ दिया।

अभिनेत्री ने दावा किया, “मैं गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही हूं। मेरे खिलाफ चरित्र हनन का एक बेहद घिनौना अभियान चलाया गया है।”

इस बीच, अभिनेत्री प्रियंका ने टॉम के समर्थन में आकर कहा कि जिस व्यक्ति ने कोई गलती नहीं की है उसे दंडित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कोच्चि में कहा, “हसन की जो भी समस्याएं थीं, उन पर एएमएमए के भीतर ही चर्चा होनी चाहिए थी। ऐसे मामलों को सुलझाने के लिए संगठन में निर्वाचित प्रतिनिधि मौजूद हैं।”

आरोपों को खारिज करते हुए टॉम ने हालांकि कहा कि हसन के दावे सुनी-सुनाई बातों पर आधारित हैं।

उन्होंने मीडिया से कहा, “किसी और ने कहा है कि मैंने उसके खिलाफ ऐसी टिप्पणी की है…उन्होंने यही कहा था… मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं जो ईमानदारी से काम करता है और खुलकर बोलता है।”

अभिनेता ने कहा कि एएमएमए की कार्यकारी समिति इस मामले पर उचित निर्णय लेगी।

हसन ने हाल ही में मलयालम फिल्म कलाकारों के संगठन एएमएमए की कार्यकारी समिति से इस्तीफा दे दिया, जहां वह संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत थीं।

एएमएमए की अध्यक्ष श्वेता मेनन ने मीडिया को बताया था कि अभिनेत्री ने व्यक्तिगत और पेशेवर प्रतिबद्धताओं को पद छोड़ने का कारण बताया है और संगठन ने इसे स्वीकार कर लिया है।

इस बीच, जब पत्रकारों ने हसन के आरोपों पर उनकी प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की, तो मेनन ने कहा कि मीडिया में इस संबंध में खबरें आने के बाद शनिवार को अपराह्न करीब दो बजे ही एएमएमए को शिकायत मिली।

उन्होंने इस बात पर भी संदेह जताया कि क्या यह एक “सुनियोजित कदम” था क्योंकि शिकायत उसी दिन मीडिया के माध्यम से उठाई गई थी जब संगठन का चिकित्सा शिविर चल रहा था।

मेनन ने कोच्चि में कहा कि संगठन अपनी स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार मामले की जांच करेगा।

उन्होंने बताया कि हसन का एएमएमए कार्यकारी समिति से इस्तीफा 12 मई को स्वीकार कर लिया गया था और उन्होंने अपने इस्तीफे पत्र में “निजी कारणों” का हवाला दिया था।

मेनन के अनुसार, त्यागपत्र में अभिनेता टॉम के खिलाफ किसी भी शिकायत का जिक्र नहीं था।

उन्होंने कहा कि हसन ने उन्हें केवल पुलिस में दर्ज शिकायत के बारे में सूचित किया था और उन्होंने अभिनेत्री से कहा था कि संगठन पुलिस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकता।