पुलिस थाने के शौचालय में फंदे से लटका मिला चालक

राष्ट्रीय
Spread the love

मदुरै (तमिलनाडु): 14 नवंबर (ए) तमिलनाडु के थेनी के एक मालवाहक वाहन चालक को मदुरै जिले में पुलिस थाने के शौचालय में फंदे से लटका हुआ पाया गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

चालक किसी मामले की जांच में मदद करने के लिए पुलिस थाने गया था।

इस बीच थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया तथा मामले की जांच सीबी-सीआईडी को सौंप दी गई।

एक निजी कंपनी में चालक के रूप में काम करने वाला बालकृष्णन शुक्रवार रात आग लगने की एक घटना के मामले में पुलिसकर्मियों को सीसीटीवी फुटेज की जांच में मदद करने के लिए चेक्कानुरानी पुलिस थाने गया था।

सूत्रों ने बताया कि तीन नवंबर को थेवरम से मदुरै जा रहा उसका मालवाहक वाहन आग की चपेट में आ गया था। आग से वाहन पर लदा पूरा माल जलकर नष्ट हो गया। उसकी शिकायत पर वलंदूर पुलिस ने आग लगने की दुर्घटनावश हुई घटना का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि पुलिस निरीक्षक के कमरे में इंतजार करते समय बालकृष्णन ने शौचालय जाने की अनुमति मांगी थी और शनिवार सुबह लगभग छह बजे पुलिसकर्मियों ने उसे वहां फंदे से लटका हुआ पाया।

पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि थाने के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रख लिया गया है और सीबी-सीआईडी की जांच के साथ-साथ न्यायिक जांच भी की जायेगी।