जूनागढ़ में ट्रेन की चपेट में आने शेरनी की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

जूनागढ़: 14 नवंबर (ए) गुजरात के जूनागढ़ जिले में शनिवार को एक ट्रेन की चपेट में आने से एक शेरनी की मौत हो गई। उसकी उम्र लगभग पांच से नौ साल के बीच बताई जा रही है। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वन परिक्षेत्र अधिकारी डी आर डंभला ने बताया कि यह घटना विसावदर तालुका के खंभालिया गांव के पास, ओजात नदी पर बने एक पुल के निकट अपराह्न करीब 12.30 बजे हुई।

उन्होंने बताया कि शेरनी पटरियों को पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी वह जूनागढ़-चालाला सवारी गाड़ी की चपेट में आ गई, और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि अवशेष को पोस्टमार्टम और आगे की प्रक्रियाओं के लिए एक पशु देखभाल केंद्र ले जाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 2025 के आंकड़ों के मुताबिक गुजरात में 891 एशियाई शेर निवास करते हैं।