तिरुवनंतपुरम: 27 मई (ए
) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े कथित धनशोधन मामले की जांच के तहत बुधवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य लोगों के आवास पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत राज्य में कुल 10 परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, जिनमें राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित विजयन का किराए का मकान भी शामिल है।आरोप है कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड ने 2018 से 2019 के बीच विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया, जबकि इस आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।
केरल उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सीएमआरएल द्वारा दायर उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें मामले में ईडी की कार्रवाई रद्द करने का अनुरोध किया गया था।
ईडी ने इन आरोपों की जांच के लिए 2024 में पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था।