पंजाब के कई क्षेत्रों में किसानों का भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ प्रदर्शन

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: 21 अप्रैल (ए) बटाला में किसानों ने गुरदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिनेश बब्बू और बरनाला में पार्टी नेता अरविंद खन्ना के खिलाफ रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।

पंजाब की विभिन्न संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों और नेताओं को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने लोकसभा चुनाव के वास्ते प्रचार के लिये आने पर उन्हें काले झंडे दिखाए हैं।

फरीदकोट सीट से भाजपा उम्मीदवार हंस राज हंस, अमृतसर से तरनजीत सिंह संधू और पटियाला से परनीत कौर को भी किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा।

बटाला के फतेहगढ़ चूड़ियां में किसानों के एक समूह ने गुरदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बब्बू के खिलाफ नारे लगाए।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उस स्थान की ओर जाने से रोकने की भी कोशिश की, जहां बब्बू और भाजपा समर्थक चुनाव प्रचार संबंधी कार्यक्रम कर रहे थे।

फतेहगढ़ चूड़ियां में एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे भाजपा नेताओं का विरोध करना जारी रखेंगे।

विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, भाजपा उम्मीदवार बब्बू ने कहा कि केवल उनकी पार्टी किसानों के मुद्दों को हल कर सकती है, जबकि अन्य राजनीतिक दल अपने निहित स्वार्थों के लिए उनका ‘‘इस्तेमाल’’ करेंगे।

बब्बू ने कहा, ‘‘हम किसानों के साथ हैं और मैं भी एक किसान हूं। उनके मुद्दों को बातचीत के जरिए हल किया जा सकता है।’’

एक अन्य घटना में, भाजपा नेता अरविंद खन्ना को बरनाला में किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा, जहां वह प्रचार करने गए थे।

महिला प्रदर्शनकारियों में से एक ने किसानों को दिल्ली की ओर जाने की अनुमति नहीं देने और उनके खिलाफ ‘‘बल’’ का प्रयोग करने के लिए भाजपा नीत केंद्र सरकार की आलोचना की।

एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे खन्ना के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने आये थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें कार्यक्रम स्थल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी।