लखनऊ: आठ नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के देवरिया से सांसद रहे और सेना में लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर सेवाएं दे चुके श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को 91 वर्ष की उम्र में नयी दिल्ली में निधन हो गया। वह कुछ दिनों से बीमार थे।
त्रिपाठी के बेटे और देवरिया से मौजूदा भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया के जरिये यह जानकारी दी।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मेरे पिताजी, देवरिया के पूर्व सांसद एवं देश के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहे लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का आज प्रात: 11 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली में निधन हो गया।”
शशांक ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ”अपने प्रियजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों के अंतिम दर्शन के पश्चात उनके पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा एवं अंतिम संस्कार निर्धारित कार्यक्रमानुसार संपन्न होगा।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में त्रिपाठी को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा, ”देवरिया के पूर्व सांसद एवं लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”
आदित्यनाथ ने कहा, ”प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।”
वर्ष 1996 और 1999 में देवरिया से भाजपा के सांसद रहे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के परिवार में पत्नी और एक पुत्र हैं।
त्रिपाठी का सैन्य और राजनीतिक दोनों क्षेत्रों में लंबा अनुभव रहा। सेना में वरिष्ठ अधिकारी के रूप में सेवाएं देने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और देवरिया से दो बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।
उनके निधन की खबर से देवरिया में शोक की लहर है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।
