चुनावी ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर चार प्रशिक्षु कांस्टेबल सेवा से बर्खास्त

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 30 अक्टूबर (ए) राजस्थान में आदेश के बावजूद चुनावी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने पर चार प्रशिक्षु कांस्टेबलों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जयपुर के पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए यह सख्त कार्रवाई की है।पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी पर भी उपस्थित नहीं होना अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है। सचिन मित्तल ने कहा कि किसी भी पुलिस कार्मिक की अनधिकृत गैरहाजिरी से ड्यूटी व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस बल के अनुशासन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए चारों प्रशिक्षु कांस्टेबलों की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए। सेवा से पृथक किए गए रिक्रूट कांस्टेबलों में बजरंग लाल – रिक्रूट कांस्टेबल नंबर 7346,लोकेश कश्यप – रिक्रूट कांस्टेबल नंबर 10033,विजय सिंह – रिक्रूट कांस्टेबल नंबर 4049 एवं मोहरी लाल – रिक्रूट कांस्टेबल नंबर 7997 प्रमुख हैं।