धर्म और जाति के नाम पर नहीं, मुद्दों पर लड़े जाएंगे भविष्य के चुनाव : आजम खान

उत्तर प्रदेश रामपुर
Spread the love

रामपुर (उप्र): 19 नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सिर्फ नफरत की सियासत करने का परोक्ष रूप से आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि भविष्य के चुनाव धर्म और जाति के आधार पर नहीं लड़े जाएंगे।

गाजियाबाद की डासना जेल से बुधवार शाम रिहा होने के एक दिन बाद रामपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में खान ने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब लोगों को समझ में आने लगा है कि धर्म के नाम पर समुदायों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, इसलिये भविष्य के चुनाव धर्म और जाति के आधार पर नहीं लड़े जाएंगे। खान ने कहा कि उनकी पार्टी युवाओं, किसानों, महिलाओं और छात्रों को केंद्र में रखकर एक सकारात्मक कार्यक्रम तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बेहतर माहौल, भाईचारे, प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘एक तरफ हमारे सकारात्मक कार्यक्रम है, जबकि दूसरी तरफ नफरत का एजेंडा है। वहां जहर घोला जा रहा है। नफरत, सिर्फ नफरत।’’

कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन और सीट बंटवारे के सवाल पर खान ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस का नेतृत्व पहले से अलग है और दोनों दलों के बीच सम्मानजनक समझौता हो सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘सम्मानजनक समझ और सीट का बंटवारा होगा। अगर हमें उन्हें कुछ ज्यादा भी देना पड़ा तो हम यह कुर्बानी देंगे।’’

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया रामपुर दौरे के बारे में पूछे जाने पर खान ने सीधे उनका नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग हैदराबादी बिरयानी के बजाय पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं।

खान ने निर्वाचन आयोग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को यह आकलन करना चाहिए कि देश में उनके प्रति लोगों की क्या धारणा है।

रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों और विकास प्राधिकरणों ने उन्हें तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को परेशान किया है।

उन्होंने कहा कि अगर सर सैयद अहमद खान और मदन मोहन मालवीय के समय ईडी, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण होते तो शायद काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) भी नहीं बन पाते।

खान ने यहां तक कहा कि वह विश्वविद्यालय से जुड़े एक मुकदमे को वापस लेने और प्रशासन को उसकी इमारतें गिराने के लिए बुलडोजर लाने का न्योता देने पर विचार कर रहे हैं, ताकि दुनिया देख सके कि एक मुस्लिम द्वारा बनाए गए शैक्षणिक संस्थान के साथ क्या होता है।

अपनी जेल यात्रा का जिक्र करते हुए खान ने कहा कि आजादी किसी भी दौलत से ज्यादा कीमती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में रहने के दौरान उन्हें और उनके परिवार को उत्पीड़न तथा मानवाधिकारों के उल्लंघन का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि अगर उनके जीवनकाल में व्यवस्था में बदलाव हुआ तो वह जेल प्रशासन में सुधार के लिए काम करेंगे।

खान ने बताया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उन्हें राहत देते हुए उनकी सजा पर रोक लगाई है और जुर्माने की राशि भी कम की है। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।

प्रवर्तन निदेशालय ने विश्वविद्यालय से जुड़े धनशोधन मामले में गत 31 अक्टूबर को आजम खान को हिरासत में लिया था। इससे ठीक पहले वह एक अन्य आपराधिक मामले में रामपुर जेल से रिहा हुए थे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उन्हें बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा किया गया था।