लाहौर: 19 नवंबर (ए) हाफिज सईद के जमात-उद-दावा का राजनीतिक मोर्चा मानी जाने वाली ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ (पीएमएमएल) ने पार्टी को ‘आतंकवादी’ और ‘अवैध’ बताने पर पंजाब प्रांत की सूचना मंत्री अजमा बुखारी को बृहस्पतिवार को पांच अरब पाकिस्तानी रुपये का मानहानि नोटिस भेजा।
पिछले सप्ताह पीएमएमएल ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को भी कानूनी नोटिस भेजकर पार्टी को ‘आतंकवादी’ बताने वाली उनकी टिप्पणी वापस लेने और सात दिन के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की थी। ऐसा नहीं करने पर पार्टी ने कानूनी कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी थी।
पीएमएमएल के अध्यक्ष खालिद मसूद सिंधु की ओर से भेजे गए ताजा नोटिस में बुखारी से आरोप वापस लेने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और नोटिस मिलने के सात दिन के भीतर सोशल मीडिया से विवादित सामग्री हटाने की मांग की गई है।
नोटिस के अनुसार, पीएमएमएल पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग में पंजीकृत एक राजनीतिक दल है और 2022 से राजनीतिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय है।
इसमें आरोप लगाया गया है कि बुखारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर और टेलीविजन कार्यक्रमों में पार्टी को ‘आतंकवादी संगठन’, ‘अवैध पार्टी’ और ‘प्रतिबंधित संगठन’ करार दिया है।
पीएमएमएल ने इन टिप्पणियों को निराधार और मानहानिकारक बताते हुए दावा किया कि इससे उसकी प्रतिष्ठा और राजनीतिक स्थिति को नुकसान पहुंचा है।
यह कानूनी विवाद आठ नवंबर को एनए-77 गुजरांवाला सीट पर हुए उपचुनाव के बाद सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पीएमएमएल के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव की पृष्ठभूमि में सामने आया है। पीएमएल-एन ने यह सीट बरकरार रखी।
पीएमएल-एन के उम्मीदवार राशिद बशीर विर्क को 43,365 वोट मिले, जबकि पीएमएमएल के उम्मीदवार इब्राहिम गुज्जर को 30,218 मत प्राप्त हुए।
पीएमएमएल ने चुनाव परिणाम खारिज करते हुए दावा किया कि उसके उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। पार्टी ने 50 मतदान केंद्रों पर मतों की दोबारा गिनती कराने की मांग की है।
मुंबई में 26/11 के आतंकी हमलों का मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद आतंकवाद के वित्तपोषण से जुड़े कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है।