तेजी से आगे बढ़ता भारत का विमानन क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर दे रहा: मोदी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 15 अगस्त (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि देश का विमानन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और रखरखाव तथा ओवरहॉलिंग गतिविधियों से बड़ी संख्या में कुशल कामगारों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।

भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते घरेलू विमानन बाजारों में से एक है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए मोदी ने विमानन क्षेत्र की प्रगति का उल्लेख किया और कहा कि भारत ने देश में निर्मित विमानों के निर्माण की दिशा में भी सफलता हासिल की है।

उन्होंने कहा, ‘‘विमानन क्षेत्र भी बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे हमारे युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा हो रहे हैं। नए हवाई अड्डे, नए मार्ग और रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘रखरखाव और ओवरहॉलिंग से भी देश में बड़ी संख्या में कुशल कामगारों के लिए रोजगार पैदा हो रहा है।’’

विमान रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉलिंग क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा अपने बेड़े में और विमान शामिल किए जाने से इस क्षेत्र में वृद्धि की काफी संभावनाएं हैं।

मोदी ने यह भी कहा कि भारत में निर्मित रक्षा परिवहन विमान सी-295 पहले ही सफल उड़ान पूरी कर चुका है। उन्होंने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रोन के माध्यम से गांवों में स्वामित्व योजना भी सफलतापूर्वक लागू की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘करीब 3.25 करोड़ परिवारों को स्वामित्व योजना का लाभ मिला है और इसके परिणामस्वरूप करीब 140 लाख करोड़ रुपये की संपत्तियां मुक्त हुई हैं। इससे लोग बैंकों से ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू कर पा रहे हैं।’’