इस्लामाबाद, 25 अप्रैल (ए)
) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब इस्लामाबाद, अमेरिका और ईरान के बीच संबंधों को सुगम बनाने के अपने प्रयासों को जारी रखे हुए है।
ईरानी दूतावास द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के अनुसार, बैठक में ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई और ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोघदम भी उपस्थित थे।
पाकिस्तानी पक्ष की ओर से गृह मंत्री मोहसिन नकवी और अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
दूतावास ने वीडियो कैप्शन में कहा कि अराघची ने मुनीर से मुलाकात की।
इसने चर्चा के बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी।
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अराघची ने मुनीर से औपचारिक मुलाकात की और अमेरिका के साथ शांति वार्ता से संबंधित मामलों पर चर्चा की।’’
अधिकारी ने बताया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल दिन में बाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करने के उपरांत, अमेरिकी दूतों के वार्ता के लिए आने का इंतजार किए बिना ही रवाना हो जाएगा।
इस तरह, उन्होंने इस सप्ताह ईरान और अमेरिका के बीच किसी भी सीधी बातचीत की संभावना को खारिज कर दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि अराघची ने पाकिस्तान को ईरान की ‘कुछ चिंताओं’ से अवगत कराया है, जिन्हें इस्लामाबाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर उनके साथ साझा करेगा। यदि अमेरिका इन चिंताओं को दूर करने और कुछ समझदारी दिखाने के लिए सहमत होता है, तो बाद में इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच सीधी बातचीत का दूसरा दौर होगा।’’
अराघची शुक्रवार देर रात पाकिस्तानी नेताओं के साथ मुलाकात के लिए यहां पहुंचे। उनका स्वागत मुनीर, विदेश मंत्री इसहाक डार और गृह मंत्री मोहसिन नकवी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने किया था।
इससे पहले दिन में, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बगाई ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच ‘‘कोई बैठक’’ आयोजित करने की योजना नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘ईरान का पक्ष पाकिस्तान को बता दिया जाएगा।’’