प्रेमी ने साथियों संग कॉलेज की छात्रा के साथ किया गैंगरेप

झारखण्ड पूर्व सिंहभूम
Spread the love

रांची,12 फरवरी (एएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में कॉलेज छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना बिरसानगर थाना इलाके के हुरलुंग की है। प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर 20 साल की युवती से गैंगरेप किया। आरोपी प्रेमी पीड़िता को अपनी बहन से मिलवाने के बहाने अपने घर ले गया था। बहन से मिलवाने के बाद रात को आरोपी उसे बाइक पर हुरलुंग ले गया, जहां शराब के नशे में दोस्त के साथ मिलकर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। घटना गत 10 फरवरी की रात की है। पीड़िता ग्रेजुएट कॉलेज की छात्रा है और बिरसानगर की रहने वाली है। पुलिस को दिये आवेदन में पीड़िता ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व ही आरोपी सुमन सिंह राजपूत से उसकी दोस्ती हुई थी। 9 फरवरी को वह उसे बिष्टुपुर स्थित एक मॉल घुमाने ले गया था। फिर 10 फरवरी की शाम उसे वह अपने साथ बिरसानगर स्थित कुआं मैदान के पास अपनी बहन से मिलवाने ले गया। बहन से मिलवाने के बाद देर रात सुमन उसे बाइक पर हुरलुंग ले गया, साथ में उसका दोस्त सागर भी बाइक पर बैठ गया। हुरलुंग में दोनों ने जमकर शराब पी, फिर नशे में पीड़िता के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपी सुमन सिंह राजपूत और सागर माहली के खिलाफ बिरसानगर थाने में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों फरार चल रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस ने सदर अस्पताल में पीड़िता की मेडिकल जांच कराई। बिरसानगर के थानाप्रभारी राजेश कुमार झा ने बताया कि पीड़िता के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए कोशिश जारी है। आरोपियों ने शराब के नशे में गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया।