लखनऊ: 12 नवंबर (ए) लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सादतगंज में तीन लोगों की हत्या के मामले में आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई बृहस्पतिवार को शुरू की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एलडीए ने एक सर्वेक्षण में पाया कि मकान का ज्यादातर हिस्सा सरकारी (नजूल)जमीन पर बना है। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ‘ बताया, ‘‘ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। सर्वेक्षण से पुष्टि हुई कि ज्यादातर क्षेत्र नजूल की भूमि पर है जिसके बाद यह कार्रवाई शुरू की गई।’’
उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण करके बनाए गए मकान के एक हिस्से को पूर्व में ध्वस्त किया गया था जिसके बाद प्राधिकरण ने उस संपत्ति का एक विस्तृत सर्वेक्षण किया।
कुमार ने बताया, ‘‘ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आज रात तक पूरी कर ली जाएगी।’’ एलडीए के सचिव सुशील प्रताप सिंह ने कहा कि यह संपत्ति नजूल की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित है और उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद ध्वस्तीकरण किया जा रहा है।
सिंह ने कहा, “नोटिस जारी किए गए थे और उचित सुनवाई के बाद अवैध निर्माण के खिलाफ एक आदेश पारित किया गया था। हम अदालत के आदेश को लागू कर रहे हैं। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के तहत करीब 4,000 वर्ग फुट का क्षेत्र आ रहा है।”उन्होंने कहा कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई एलडीए, जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा किया जा रहा है।
करीब तीन सप्ताह पूर्व 26 अक्टूबर को सादतगंज के ब्राह्मणी टोला में एक खाली भूखंड पर कार की पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।मृतकों की पहचान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस)के प्रचारक शिवाजी तिवारी, उसका भाई शिवेंद्र तिवारी (55) और शिवेंद्र के बेटे सुयाश तिवारी (30) के रूप में की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला (29) समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था और उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद की थी।पीड़ितों के परिजनों द्वारा उक्त संपत्ति नजूल की भूमि पर बनी होने का आरोप लगाए जाने के बाद एलडीए ने कार्रवाई शुरू की। इससे पूर्व, प्राधिकरण ने उस मकान को सील कर दिया था और अनाधिकृत निर्माण का हवाला देते हुए चारदीवारी ढहा दी थी।
