गाजियाबाद (उप्र): 12 नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बृहस्पतिवार को गाजियाबाद की डासना जेल में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की।
यादव ने खान से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि जेल के अधिकारी खान को परेशान कर रहे हैं और उनकी जान लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन लगातार आजम खान का उत्पीड़न कर रहा है और उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे झूठे हैं। उन्होंने कहा कि आजम खान के साथ अन्याय हो रहा है और अब केवल न्यायालय ही उन्हें राहत दे सकता है।यादव ने कहा, ‘‘जेल में आजम खान का उत्पीड़न हो रहा है। अब केवल न्यायालय से ही उम्मीद है। न्यायालय ही उनको राहत देगा। प्रशासन लगातार उनका उत्पीड़न कर रहा है। सभी को मालूम है कि उनके खिलाफ दर्ज सारे मुकदमे झूठे हैं।’’
उन्होंने कहा कि आजम खान का दोष केवल इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए एक विश्वविद्यालय (रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय) बनाया था, और दूसरा यह कि वह मुस्लिम हैं, इसलिये उनके साथ उत्पीड़न और अन्याय किया जा रहा है।
यादव ने यह भी दावा किया कि जेल में मुलाकात के दौरान उनके और आजम खान के बीच जाली थी।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को गत 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिलने पर जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने हिरासत में ले लिया था। ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन एवं ठेकों से जुड़े धन के कथित दुरुपयोग के मामले में की है।
