जम्मू: 26 अक्टूबर (ए) जम्मू रेलवे स्टेशन के पास एक बाजार में भीषण आग लगने से करीब 40 दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आग के कारण बाजार का चहल-पहल वाला व्यावसायिक इलाका मलबे में तब्दील हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे शिव मार्केट में आग लगी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आग करीब पांच घंटे तक धधकती रही। इससे बड़े पैमाने पर तबाही हुई और कई दुकानदारों को भारी नुकसान पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि भीषण आग में करीब 40 दुकानें जलकर खाक हो गईं। इनमें से ज्यादातर दुकानों में खाद्य सामग्री, सूखे मेवे और कंबल बेचे जाते थे।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी और हवा के चलते यह तेजी से पूरे बाजार में फैल गई।
अधिकारियों के अनुसार, बाजार तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस वजह से प्रभावित दुकानों तक सीधे पहुंचना कठिन हो गया था।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने और उसे आगे फैलने से रोकने के लिए दमकल की टीम को बाजार के पिछले हिस्से से पहुंचना पड़ा।
आपातकालीन सेवाओं की लगातार कोशिशों के बावजूद आग कई घंटों तक धधकती रही और उसने दुकानों में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आखिरकार, सोमवार तड़के करीब सवा तीन बजे आग पर काबू पाया जा सका।
