अमृतसर: छह अक्टूबर (ए) पंजाब के तरन तारन जिले में मंगलवार को एक गांव के सरपंच की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि सरपंच राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े थे। तरन तारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरिंदर लांबा ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने तूत गांव के सरपंच अश्विनी देवगन पर कथित तौर पर कई गोलियां चलाईं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब देवगन तूत बस अड्डे गए हुए थे। मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने देवगन पर बेहद करीब से कई गोलियां चलाईं व मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि देवगन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
लांबा ने कहा कि अभी तक किसी पूर्व धमकी, फिरौती के फोन या व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने नहीं आई है।
उन्होंने बताया कि देवगन ने कभी पुलिस सुरक्षा की मांग नहीं की थी। हमलावरों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
