तिरुवनंतपुरम: नौ अगस्त (ए) केरल के कोल्लम और तिरुवनंतपुरम जिलों में अलग-अलग नौका हादसों के बाद लापता हुए तीन मछुआरों की तलाश में जारी अभियान में भारतीय नौसेना भी रविवार को शामिल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रक्षा प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि आईएनएस कल्पेनी शनिवार रात कोच्चि से तलाश अभियान के लिए रवाना हुआ। रविवार सुबह यह पोत नींदकरा से करीब एक समुद्री मील दूर लंगर डाले हुए था।
बयान में कहा गया, ‘‘जहाज पर भारतीय नौसेना की एक विशेष गोताखोर टीम मौजूद है। गोताखोरी के स्थान को और सटीक रूप से तय करने के लिए समुद्री प्रवर्तन शाखा से संपर्क किया गया है। समुद्री प्रवर्तन विभाग की एक नौका भी जहाज के आसपास मौजूद है।’’
अधिकारियों ने बताया कि आईएनएस कल्पेनी से नौसेना के गोताखोरों ने रविवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे समुद्र में तलाश शुरू की।
रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि गोताखोर पोर्टेबल सोनार का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे पानी के भीतर निगरानी और गोताखोरी अभियानों में गोताखोरों की क्षमता बढ़ती है।
तटीय पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि नौसेना पहले गौतम कृष्ण की तलाश पर ध्यान केंद्रित करेगी, जो नींदकरा तट के पास मछुआरों की नौका के पलट जाने के बाद लापता हो गए थे।
इसके बाद मुथलाप्पोझी और विड़िण्गम में लापता हुए अन्य मछुआरों की तलाश की जाएगी।
तटीय पुलिस, मत्स्य विभाग की समुद्री प्रवर्तन शाखा और तटरक्षक बल के संयुक्त तलाश अभियान का रविवार को 10वां दिन है। गौतम कृष्ण, जॉन और शिजिन 31 जुलाई को नींदकरा, विड़िण्गम और मुथलाप्पोझी में अलग-अलग नौका हादसों के बाद लापता हो गए थे।
लापता मछुआरों के परिवार के सदस्यों ने इससे पहले तलाश अभियान में कथित लापरवाही को लेकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद राज्य सरकार ने भारतीय नौसेना से मदद मांगी।
विपक्षी दलों ने भी लापता लोगों की तलाश में प्रशासन की कथित धीमी कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा था।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने रविवार को कहा कि वह नींदकरा तट के पास नौका पलटने के बाद लापता हुए मछुआरे गौतम कृष्ण का पता लगाने के प्रयास जारी रखेंगे।
गोपी ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि कृष्ण की मां ने उनसे अपील की थी कि वह उन्हें अपनी बहन मानते हुए उनके बेटे की तलाश में साथ दें।
उनकी भावुक अपील को याद करते हुए गोपी ने कहा, ‘‘एक जनप्रतिनिधि के तौर पर और उससे भी बढ़कर एक भाई के रूप में, मैंने उस मां से यह वादा किया है। यह भाई आपको अपनी बहन मानता है और आपके साथ रहेगा। मैं उनके बेटे को वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।’’
गोपी ने कहा कि तेज लहरों की चपेट में आने के बाद मछुआरों की नौका पलट गई थी और परिवार अभी तक इस त्रासदी के सदमे से उबर नहीं पाया है।
उन्होंने कहा कि वह संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और किसी भी कारण से तलाश अभियान की गति धीमी नहीं होने देंगे।
गोपी ने कहा, ‘‘समुद्र में तलाश अभियान तेज करने के लिए अब सभी संसाधन जुटाए गए हैं।’’
उन्होंने बताया कि नौसेना के गोताखोरों को लेकर एक पोत ने समुद्र में आपात तलाश अभियान फिर शुरू कर दिया है और तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर ने हवाई निगरानी बढ़ा दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि ‘इंडियन ऑयल’ ईंधन और अन्य सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कर अभियान को पूरा सहयोग दे रहा है।
गोपी के अनुसार, बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए कॉलेज प्रशासन के सहयोग से अमृतपुरी में एक आपात हेलीपैड भी तत्काल तैयार किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रशासन की ताकत और लोगों की सामूहिक प्रार्थनाओं से गौतम कृष्ण वापस लौटेंगे।
गोपी ने कहा, ‘‘मैं उस मां के आंसू पोंछने के लिए आखिरी सांस तक उनके साथ खड़ा रहूंगा। मैं उम्मीद नहीं छोड़ूंगा… हम लड़ेंगे।’
