रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली, तीन मई (ए)।  पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। इसके बाद विवेक विहार थाने की टीम, एसएचओ और एसीपी तुरंत मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने बताया कि आग ने इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट्स को अपनी चपेट में ले लिया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

दिल्ली फायर सर्विस, आपदा प्रबंधन टीम, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब 12 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि मामूली रूप से झुलसे दो लोगों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग घरेलू सामान से शुरू हुई और इमारत के छह फ्लैट्स को नुकसान पहुंचा।

मृतकों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। एक शव पहली मंजिल से, पांच दूसरी मंजिल से और तीन सीढ़ियों के मोमटी से मिले। सभी शवों को आगे की जांच के लिए क्राइम टीम को सौंप दिया गया है।

घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, खबर लिखे जाने तक तलाशी और बचाव अभियान जारी था।

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में अग्निकांड में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया और कहा कि इस हादसे में प्रभावित हुए लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता और राहत प्रदान की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के विवेक विहार स्थित एक आवासीय भवन में लगी आग में एक शिशु सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई।