अयोध्या में 22 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित, एक जगह पर सबसे ज्यादा दीप जलाने का विश्व कीर्तिमान बना

अयोध्या उत्तर प्रदेश
Spread the love

अयोध्या (उप्र), 11 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की उपस्थिति में भगवान श्रीराम की जन्‍मस्‍थली अयोध्या में शनिवार की शाम राम की पैड़ी पर 22 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किये गये, जो ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के मुताबिक विश्व कीर्तिमान है।.

एक आधिकारिक बयान में यह दावा किया गया है।.

दीप प्रज्वलन का नियत समय शुरू होते ही ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ के जाप के साथ एक-एक कर 22.23 लाख दीप जलाए गए।

बयान में कहा गया कि ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से ड्रोन की गणना के उपरांत ‘एग्जीक्यूटर’ स्वप्निल दंगारीकर व ‘कन्सल्टेंट’ निश्चल बरोट द्वारा यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या के प्रति प्रतिबद्धता ने एक बार फिर इस प्राचीन नगरी को वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज कराया है।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस ‘भव्य दीपोत्सव’ को देखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलन को विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया। कीर्तिमान रचने में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय व इससे जुड़े महाविद्यालयों के शिक्षक, इंटर कॉलेजों के शिक्षक व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं की बड़ी भूमिका रही।

बयान में कहा गया कि इससे पहले विगत वर्ष भी दीप प्रज्वलन का कीर्तिमान रचा गया था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाण पत्र सौंपे जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समूची अयोध्या का अभिवादन किया। 54 देशों के राजनयिक भी इसके साक्षी बने। उन्होंने भी इस अविस्मरणीय, अद्भुत उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हृदय से शुभकामनाएं दीं।

राज्‍य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि राम नगरी में दीपोत्सव कार्यक्रम में विश्व में सबसे ज्यादा दीप प्रज्वलित करने का एक बार फिर नया कीर्तिमान बना है। उन्होंने बताया कि ये दीपोत्सव सभी को त्रेता युग की याद दिलाता है, जब भगवान श्री राम लंका पर विजय प्राप्त करके अयोध्या वापस लौटे थे।