बुलंदशहर (उप्र): 13 मई (ए) बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद क्षेत्र में ‘गोद भराई’ की रस्म के लिए आयोजित समारोह में कथित तौर पर दूषित खाना खाने से 40 से ज्यादा लोग बीमार हो गए।
अनूपशहर की उप जिलाधिकारी प्रियंका गोयल ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात को सलगवां गांव में ‘गोद भराई’ की रस्म के लिए आयोजित समारोह में दूषित मटर पनीर और मिठाई खाने के बाद लोगों की तबीयत खराब होने लगी।
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बीमार हुए 40 से ज्यादा लोगों को पहले जहांगीराबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर और उसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोयल ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की स्थिति सामान्य है।
उन्होंने बताया कि समारोह में परोसे गए खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।