बर्मुडा से बोस्टन जा रहा विमान लापता, तलाश जारी

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

नानटुकेट: चार अक्टूबर (एपी) बर्मुडा से बोस्टन जा रहा एक एयर एम्बुलेंस विमान शनिवार तड़के लापता हो गया जिसके बाद तटरक्षक बल ने उसकी तलाश तेज कर दी है। विमान में कुल छह लोग सवार थे।

विमान के लापता होने से कुछ समय पहले हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से हुई बातचीत में पायलट ने बिजली की समस्या की जानकारी दी और आपात स्थिति बताई। बातचीत का यह ऑडियो एक वेबसाइट पर पोस्ट किया गया है, जिसमें नियंत्रक को पायलट से यह पूछते हुए सुना जा सकता है, ‘‘आपने कहा कि आप बिना किसी सहायता के अनुमान के आधार पर आ रहे हैं? क्या आपने यही कहा?’’ अमेरिकी परिवहन विभाग की पूर्व इंस्पेक्टर जनरल एवं विमानन मामलों की वकील मैरी शियावो का मानना है कि विमान में लगे दिशा सूचक यंत्रों तथा अन्य उपकरणों ने काम करना बंद कर दिया था। उसी वक्त रडार पर एक तूफान विमान के रास्ते में दिखाई दे रहा था।

उड़ानों से जुड़ी जानकारी साझा करने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24’ के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, विमान लगभग 24,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और फिर अचानक करीब 10,000 फुट पर आ गया।

शियावो ने कहा कि इतनी तेजी से नीचे आने के पीछे कोई गंभीर समस्या हो सकती है और उसी वक्त विमान के रास्ते में बड़ा तूफान आ गया।

उनके अनुसार, यदि विमान के उपकरण काम न कर रहे हों और विमान तूफान में हो, तो स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है। ऐसी परिस्थिति में पायलट को यह समझना भी मुश्किल हो सकता है कि विमान मुड़ रहा है, ऊपर जा रहा है या नीचे आ रहा है। इसे ‘स्पैटियल डिसओरिएंटेशन’ कहा जाता है।

बर्मुडा के एलएफ वाडे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से से उड़ान भरने वाला यह विमान कनाडा में पंजीकृत एयर एम्बुलेंस था। हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी ‘स्काईपोर्ट’ के अनुसार, विमान में चालक दल के चार सदस्य और दो यात्री, यानी कुल छह लोग सवार थे। विमान रात में बर्मुडा से मैसाचुसेट्स के लिए रवाना हुआ था।

कनाडा के परिवहन मंत्री स्टीवन मैकिनन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि विमान में सवार छह लोगों में से चार कनाडाई नागरिक थे। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और खोज एवं बचाव अभियान में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

अमेरिका का ‘नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड’ भी मामले की जानकारी जुटा रहा है। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह इस घटना की औपचारिक जांच करेगा या नहीं।