मथुरा (उप्र): पांच जुलाई (ए)
) मथुरा जिले के राया क्षेत्र में पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे स्थित दो होटलों में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए 13 युवकों को गिरफ्तार करके छह युवतियों को मुक्त कराया है।
पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री एवं नकदी भी बरामद की है। पुलिस होटलों के मालिकों की भी तलाश कर रही है।देह व्यापार से जुड़ी युवतियां अलीगढ़, पश्चिम बंगाल, पंजाब, दिल्ली की रहने वाली हैं। पुलिस पूछताछ में जुटी है। गिरोह के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। पुलिस ने बताया कि
मथुरा के थाना राया क्षेत्र स्थित राया कट के दो होटलों पर शनिवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार महावन और थाना राया पुलिस की टीम ने दोनों होटलों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से होटल संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने होटल के कमरों की तलाशी के दौरान 13 युवक तथा 6 युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि राया कट क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह छापेमारी की गई।