नयी दिल्ली, सात नवंबर (ए) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि भारतीय मूल्यों से प्रेरित देश के देशभक्त युवा विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान देंगे।
राष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा कि दीपावली का उल्लासपूर्ण उत्सव भगवान श्रीराम के रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद अयोध्या लौटने की स्मृति में मनाया जाता है।
राष्ट्रपति ने कहा, “भगवान श्रीराम प्रज्वलित दीपों को देखकर मंत्रमुग्ध हो गये थे।”
उन्होंने कहा, “यही दीपावली का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह त्योहार रामराज्य की शुरुआत का भी प्रतीक है।”
राष्ट्रपति ने देश के प्रत्येक नागरिक के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा, “आइए, हम पर्यावरण का संरक्षण करें और सद्भाव के साथ रहें। भारतीय मूल्यों से प्रेरित हमारे देश के देशभक्त युवा विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान दें।”
राष्ट्रपति ने कहा कि दीपावली का त्योहार नकारात्मक प्रवृत्तियों पर सद्गुणों की विजय का प्रतीक है और यह दुखों के अंत व सुखमय एवं समृद्ध जीवन की शुरुआत का भी संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर लोग शुभ कार्यों की शुरुआत और कल्याण के लिए भगवान गणेश तथा समृद्धि के लिए माता महालक्ष्मी की पूजा करते हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “दीपावली के पावन अवसर पर मैं भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं।”
