नयी दिल्ली: 12 सितंबर (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ द्विपक्षीय बातचीत की, जिसमें व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ाकर दोनों देशों के बीच रिश्तों को सामान्य बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
यह बैठक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दो दिन की यात्रा पर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे शी के आने के कुछ घंटों बाद हुई। सात वर्षों में शी चिनफिंग की भारत की यह पहली यात्रा है।मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति का दौरा रिश्तों को सामान्य बनाने का एक अहम मौका है, क्योंकि पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध के बाद ये रिश्ते काफी तनावपूर्ण हो गए थे।
बैठक की शुरुआत में मोदी ने कहा, “मैं भारत में आपका स्वागत करता हूं।”
शी चिनफिंग की भारत यात्रा कई उच्चस्तरीय संपर्कों के बाद हो रही है। इनमें बीजिंग में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच विशेष प्रतिनिधि वार्ता भी शामिल है। हालांकि, अरुणाचल प्रदेश क्षेत्र में चीन के आक्रामक सैन्य रुख को लेकर चिंताएं अब भी बनी हुई हैं।मोदी और शी चिनफिंग ने पिछले साल 31 अगस्त को चीन के तियानजिन शहर में हुए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के इतर व्यापक बातचीत की थी।
पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों ने वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुई घातक झड़पों के बाद गंभीर रूप से प्रभावित हुए अपने संबंधों को फिर से पटरी पर लाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
