मैहर: 18 नवंबर (ए) मध्यप्रदेश के मैहर जिले में एक सरकारी स्कूल की छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने के आरोप की पुष्टि होने के बाद वहां की प्राचार्या को निलंबित कर दिया गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के घुनवारा स्थित सरकारी स्कूल में सोमवार दोपहर को हुई और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जिलाधिकारी ने प्राचार्या लीला बाई सिंह के खिलाफ पदीय दायित्वों में लापरवाही मानकर कार्रवाई की।
कथित वीडियो में एक छात्रा वाइपर से महिला शौचालय का फर्श साफ करती और एक अन्य छात्रा ड्रम से पानी निकाल कर फर्श पर डालती नजर आ रही है जबकि कुछ अन्य छात्राएं आस-पास खड़ी हैं।
वीडियो बनाने वाला शख्स प्राचार्या से इस बारे में सवाल भी पूछता है लेकिन प्रारंभिक बातचीत में वह इससे इंकार करती दिखाई देती हैं और बाद में कहती हैं कि शौचालय में पानी ही तो डाल रही हैं छात्राएं।
वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी बिदिशा मुखर्जी ने मामले का संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए थे।
उन्होंने मंगलवार रात प्राचार्या का निलंबन आदेश जारी करते हुए कहा कि घुनवारा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संकुल प्राचार्य और जनशिक्षक ने शुरुआती संयुक्त जांच की, जिसमें लीला बाई सिंह द्वारा छात्राओं से शौचालय साफ कराने संबंधी शिकायत की पुष्टि हुई।
आदेश में कहा गया है कि प्राचार्या का यह कृत्य पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और विभाग की छवि धूमिल करने वाला पाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी रहेगी।
आदेश में इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमावली 1965 के नियम-3 के विपरीत मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से प्राचार्या को निलंबित किया गया है।
आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि में लीला बाई सिंह का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अमरपाटन निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।
