सऊदी अरब की कंपनी का पाकिस्तान में गैस पाइपलाइन नेटवर्क की संभावनाएं तलाशने को 30 अरब डॉलर का करार

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

इस्लामाबाद: 18 नवंबर (ए) सऊदी अरब की एक ऊर्जा कंपनी ने पाकिस्तान में प्राकृतिक गैस पाइपलाइन सहित व्यापक ऊर्जा अवसंरचना नेटवर्क के विकास की संभावनाएं तलाशने के मकसद से यहां की एक सरकारी इकाई के साथ 30 अरब अमेरिकी डॉलर का समझौता किया है।

इस नेटवर्क के तहत देश की पश्चिमी और पूर्वी सीमाओं को जोड़ने वाली गैस पाइपलाइन बिछाने की योजना भी शामिल है।

‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ समाचार पत्र में कंपनियों के संयुक्त बयान के हवाले से बताया गया कि यह समझौता मंगलवार को डेल्टा एनर्जी सऊदी और पाकिस्तान की सरकारी कंपनी इंटर स्टेट गैस सिस्टम्स (आईएसजीएस) के बीच हुआ है।

प्रस्तावित योजना के तहत दोनों कंपनियां इस बात की व्यवहार्यता का आकलन करेंगी कि पश्चिमी सीमा से पाकिस्तान में प्रवेश करने वाली प्राकृतिक गैस पाइपलाइन को दक्षिण-पश्चिमी बंदरगाह शहर ग्वादर तक बढ़ाया जा सकता है या नहीं।

योजना में इस पाइपलाइन को पाकिस्तान की पूर्वी सीमा तक बढ़ाने की संभावना भी शामिल है। इसके अलावा, तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) सुविधाओं, गैस प्रसंस्करण एवं भंडारण बुनियादी ढांचे और निर्यात टर्मिनल के विकास का प्रस्ताव है।

प्रस्तावित नेटवर्क में अफगानिस्तान की सीमा के पास पाकिस्तान के चमन से पंजाब में फाजिल्का के निकट भारत की सीमा तक पाइपलाइन बिछाने की योजना शामिल है।

डेल्टा एनर्जी ने इस प्रस्तावित मार्ग को ‘‘मुख्य रणनीतिक प्रतिबद्धता’’ बताते हुए कहा कि इसे लागू करने के लिए पाकिस्तान और भारत की सरकारों के साथ औपचारिक बातचीत और समझौतों की जरूरत होगी।